कैथलः नौ तपा भले ही 26 मई से शुरू हो गया है, लेकिन अगले 4 दिनों तक मौसम ठंडा रहेगा और गर्मी आपको परेशान नहीं करेगी। 23 मई की रात से लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है और 24 मई से 27 मई के दौरान पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। तेज हवाएं और आंधी भी चलती रही। इस दौरान दिन के तापमान में सामान्य से करीब 12 से 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में एक जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान 28 व 29 मई को भी अधिकांश इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने, गरज व हवा चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
लेकिन 29 मई की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने से 30 मई से 1 जून तक राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
यह भी पढ़ेंः-एनीमिया मुक्त हो रहीं प्रदेश की महिलाएं, देश में तीसरे स्थान पर छत्तीसगढ़
हकरीवी हिसार की कृषि मौसम विज्ञान वेधशाला के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े सात बजे अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाद में दोपहर 2.27 बजे तापमान गिरकर 29.6 पर आ गया। इस तरह दिन के तापमान में 5 डिग्री की कमी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन भर 7.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं। हवा में सापेक्ष आर्द्रता सुबह 91 प्रतिशत और दोपहर में 59 प्रतिशत रही। दिन में बारिश नहीं हुई, लेकिन रात में बारिश की संभावना बनी रहेगी।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)