Weather Update , नई दिल्लीः इस समय पूरा उत्तर भारत ठंड से कांप रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में भी कड़ाके की ठंड और कोहरा पड़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों तक राहत न मिलने की संभावना जताई है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। साथ ही बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी बढा दी है।
ट्रेनों पर पड़ रहा कोहरे का असर
शुक्रवार को घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 23 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा क्षेत्र में सुबह कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर शून्य हो गया। हालांकि, प्रतिकूल परिस्थितियों का उड़ान संचालन पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।