फीचर्ड मनोरंजन

बर्थडे स्पेशलः बहुत कम ही लोग जानते हैं बॉलीवुड के मिस्टर इंडिया का ये राज

ANIL KAPOOR

मुंबईः बॉलीवुड में मिस्टर इंडिया के नाम से मशहूर अनिल कपूर आज किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वह अक्सर अपनी फिल्मों के साथ-साथ फिटनेस को लेकर फैंस के बीच चर्चा में रहते है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर चुके और लाखों दिलों पर राज करने वाले अभिनेता अनिल कपूर का जन्म 24 दिसंबर, 1956 को मुंबई में हुआ था। अनिल के पिता सुरेंदर कपूर बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता थे। घर में फिल्मी माहौल होने के कारण अनिल का रुझान भी फिल्मों की तरफ हुआ। अनिल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1979 में आई उमेश मेहरा की फिल्म 'हमारे-तुम्हारे' से की, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद अनिल ने टॉलीवूड का रुख करते हुए मणिरत्नम की पहली कन्नड़ फिल्म 'पल्लवी अनुपल्लवी में अभिनय किया। इसके बाद अनिल तेलुगू फ़िल्म 'वम्सावृक्षं' में बतौर लीड एक्टर नजर आये।

बॉलीवुड में साल 1983 में आई फिल्म 'वो सात दिन' बतौर मुख्य अभिनेता अनिल कपूर की पहली फिल्म थी। इस फिल्म में अनिल के अभिनय को काफी पसंद किया गया। इसके बाद अनिल बॉलीवुड की कई फिल्मो में नजर आये, जिसमें मशाल, साहेब, चमेली की शादी, जांबाज, मिस्टर इण्डिया, परिंदा, लम्हे, बेटा, जुदाई, बुलंदी, टोटल धमाल, पागलपंती, मलंग आदि शामिल हैं। साल 2008 में आई फिल्म 'स्लमडॉग मिलिनियर' अनिल कपूर की पहली इंटरनेशनल फिल्म थी, जिसमें अनिल ने अमिताभ बच्चन के शो कौन बनेगा करोड़पति' के एंकर की भूमिका को पूरी शिद्दत से निभाया। इस फिल्म के जरिये उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनायी। इसके अलावा अनिल ने आइशा, वीर द वेडिंग,फन्ने खां आदि फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया। साल 2013 में अनिल कपूर टीवी पर शो '24' लेकर आए थे। इस शो में उन्होंने लीड रोल निभाया था।

बहुत कम ही लोग यह जानते होंगे की अनिल कपूर ने कुछ फिल्मों में गाना भी गाया हैं। अनिल कपूर ने पहली बार फिल्म 'चमेली की शादी' का टायटल सांग गाया। अनिल ने साल 2000 में आई फिल्म 'हमारा दिल आपके पास हैं' में दो गाने गाये। अनिल कपूर ने साल 1984 में सुनीता कपूर से शादी की। उनके तीन बच्चे सोनम कपूर, रिया कपूर, हर्षवर्धन कपूर हैं। अनिल कपूर ने अब तक 100 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया।

यह भी पढ़ेंः-35 दिन बाद दिल्ली में मिली यूपी की ‘लव जिहाद’ पीड़िता, जानें पूरा मामला

अपनी स्मार्टनेस, फिटनेस और एनर्जी से अच्छे-अच्छे यंगस्टर को मात देने वाले अनिल अब भी बॉलीवुड में सक्रीय है और अपने अभिनय की बदौलत वह आज भी युवा दिलों पर राज करते हैं। अभिनय के साथ-साथ अनिल सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। अनिल कपूर जल्द ही राज मेहता द्वारा निर्देशित फिल्म 'जुग जुग जियो में' नीतू कपूर, वरुण धवन और कियारा आडवाणी के साथ लीड रोल में अभिनय करते नजर आएंगे।