फीचर्ड दुनिया

US Presidential Election: विवेक रामास्वामी के मुरीद हुए एलन मस्क, बोले-यह होनहार उम्मीदवार..

elon-musk-vivek-ramaswami
elon-musk-vivek-ramaswami US Presidential Election: वाशिंगटनः अगले साल होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस चुनाव में भारतीय मूल के दावेदार विवेक रामास्वामी भी लोकप्रियता की ओर बढ़ रहे हैं। दुनिया के टॉप अमीर लोगों में से एक एलन मस्क भी रामास्वामी के फैन हो गए हैं। उन्होंने उनकी तारीफ करते हुए रामास्वामी को राष्ट्रपति पद के लिए एक होनहार उम्मीदवार बताया है। रिपब्लिकन पार्टी की ओर से विवेक रामास्वामी उम्मीदवारी पेश कर रहे हैं और उनका मुकाबला पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से है। हालाँकि, ट्रम्प अभी भी रिपब्लिकन समर्थकों की पहली पसंद बने हुए हैं और अन्य उम्मीदवारों से काफी आगे हैं, लेकिन विवेक रामास्वामी धीरे-धीरे अपनी स्थिति मजबूत कर रहे हैं। एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विवेक रामास्वामी का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में विवेक रामास्वामी मशहूर पत्रकार टकर कार्लसन से बात करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए एलन मस्क ने कैप्शन में लिखा कि ’यह एक होनहार उम्मीदवार है।’ विवेक रामास्वामी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कहा है कि वह चीन को अमेरिका के लिए सबसे बड़ा खतरा मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह राष्ट्रपति चुने गए तो चीन के साथ रिश्ते पूरी तरह खत्म कर देंगे। ये भी पढ़ें..चीनी ऐप के जाल में फंसे भारतीय, महज 9 दिनों में... रामास्वामी ने कहा कि वह प्रशांत महासागर में व्यापार में अमेरिका को फिर से शामिल करेंगे। भारत, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के साथ व्यापार संबंधों को मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। विवेक रामास्वामी का जन्म 9 अगस्त 1985 को हुआ था। इससे पहले उनके माता-पिता भारत के केरल से आकर अमेरिका में बस गए थे। रामास्वामी ओहियो के सिनसिनाटी में पले-बढ़े और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की और फिर येल विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई की। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)