प्रदेश उत्तर प्रदेश फीचर्ड

UP Weather Update: भास्कर की किरणों को घने बादलों ने किया कैद, रिमझिम फुहारों से गिरा पारा

rain-in-up
rain-in-up UP Weather Update: लखनऊः यूपी में बीते एक माह से भीषण गर्मी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। भगवान भास्कर की तेज किरणों के चलते तापमान दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा था। लेकिन सोमवार से अचानक बादलों ने पूरे यूपी को अपनी आगोश में ले लिया। इसके बाद रूक-रूक हो रही बारिश से पारा लुढ़क गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। up-weather-forecast मॉनसून भले ही अभी पहुंचा न हो, लेकिन चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर उत्तर प्रदेश में दिखने लगा है। तूफान की सक्रियता से तेज हवाएं चल रही हैं और आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश भी हो रही है। इससे तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है और लोगों को भी भीषण गर्मी और लू से काफी हद तक राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आने से पहले अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने मंगलवार को कहा कि जून के पहले 15 दिनों में भारत में सूखे जैसे हालात बने रहे और मानसून कमजोर रहा। चक्रवात बिपरजॉय के चलते गुजरात और राजस्थान में भारी बारिश हुई। अब तूफान कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है और फिर निम्न दबाव के रूप में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इससे यूपी की राजधानी लखनऊ समेत अधिकांश जनपदों में मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही धूल भरी आंधी भी चलती रही। इतना ही नहीं इससे तापमान में भी गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। ये भी पढ़ें..Jharkhand Monsoon: झारखंड में तेज बारिश व वज्रपात, जानें कैसा रहेगा... चक्रवात बिपरजॉय के मद्देनजर जून के अंत तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। इसके बाद मानसून सक्रिय होगा जो अभी बिहार के भागलपुर के आसपास पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह सापेक्षिक आर्द्रता 70 तथा दोपहर में सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत रही। हवा की दिशा 9.3 किमी प्रति घंटे की औसत गति के साथ दक्षिण-पश्चिम थी और बारिश 1.8 मिमी थी। पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और 20 से 25 जून तक तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)