प्रदेश उत्तर प्रदेश फीचर्ड

यूपी सभी तरह की परिस्थितियों का सामना करने को तैयारः योगी आदित्यनाथ

yogi

लखनऊः प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सभी तरह की परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार है। प्रदेश ऑक्सीजन जेनेरेशन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है। पांच और प्लांट की स्वीकृति दी गई है। प्रदेश में 441 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित की स्थापना की जा रही है। इनमें से लगातार प्रयासों से अब 100 ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील हो चुके हैं। प्लांट स्थापना से जुड़े कार्यों की सतत समीक्षा की जाए। इस संबंध में भारत सरकार से समन्वय बनाए रखा जाए। 50 बेड से अधिक सभी अस्पताल ऑक्सीजन की आवश्यकता के लिहाज से आत्मनिर्भर होंगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ टीम-09 के साथ कोविड प्रबंधन की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। गुणवत्ता और समयबद्धता पर फोकस रहे। 9 मेडिकल कॉलेजों में प्राचार्यों की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इन कार्यों को यथासंभव शीघ्रता से पूरा किया जाए। वहीं, 14 अन्य प्रस्तावित नए मेडिकल कॉलेजों में अगले सत्र से पठन-पाठन शुरू की तैयारियों के लिए निर्देश दिए।

यह भी पढ़ेंःवित्त वर्ष 2022 में मजबूत वृद्धि देख सकती हैं भारतीय दवा कंपनियां

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 336 नए कोरोना केस मिले हैं। वहीं, 685 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। यहां कुल 6 हजार 19 कोरोना के सक्रिय केस हैं। अपर मुख्य सचिव, सूचना नवनीत सहगल ने यह जानकारी दी। नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश में होम आइसोलेशन में 3 हजार 749 मरीजों का उपचार चल रहा है। प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट 98.4 प्रतिशत दर्ज हुई है। बीते 24 घंटे में 2 लाख 90 हजार 234 सैम्पल टेस्ट हुए हैं। प्रदेश में अब तक 05 करोड़ 44 लाख 36 हजार 119 कोविड टेस्ट हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोविड टीकाकरण की पहली डोज प्राप्त कर चुके लोगों की संख्या 2 करोड़ से अधिक हो चुकी है, जबकि 39 लाख 11 हजार लोगों को दोनों डोज मिल चुकी है। 18 से 44 आयु वर्ग के 50 लाख 81 हजार युवाओं को वैक्सीन कवर मिल चुका है। 24 घंटों में 03 लाख 64 हजार 723 लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया। इस तरह अब तक 2 करोड़ 42 लाख 57 हजार से अधिक वैक्सीन लगाई जा चुकी है।