कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बोले- सरकार हिला देगी ‘यूपी जोड़ो यात्रा’
Published at 20 Dec, 2023 Updated at 20 Dec, 2023
सहारनपुर: कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा (UP Jodo Yatra ) बुधवार को सहारनपुर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ शाकुंभरी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह यात्रा लखनऊ तक सरकार हिला देगी।
अजय राय का हुआ भव्य स्वागत
कांग्रेस की 'यूपी जोड़ो यात्रा' बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय के नेतृत्व में सिद्धपीठ शाकुंभरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। पहले दिन यह यात्रा बेहट से होते हुए गंगोह नगर पालिका के गणेश शंकर विद्यार्थी चौक पर समाप्त हुई। कांग्रेस का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को यात्रा के पहले दिन अपार जनसमर्थन मिला। जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों ने घरों से निकलकर यात्रा का फूलमालाओं से स्वागत किया। यात्रा जब गंगोह नगर पालिका से होकर गुजरी तो महिलाओं ने अजय राय का स्वागत किया।
यह भी पढ़ेंः-ग्रेनो अथॉरिटी ने 37 बिल्डरों को भेजा नोटिस, STP नहीं कराया तो लगेगा जुर्माना
यात्रा में मौजूद रहे कांग्रेस प्रवक्ता पुनीत पाठक ने बताया कि यात्रा में नेता विधान सभा आराधना मिश्रा मोना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक इमरान मसूद, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत्र, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, तौकीर आलम, प्रदीप नरवाल, संगठन महासचिव अनिल यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, पूर्व विधायक विवेक बंसल, विवेकानंद पाठक, प्रभारी सीपी राय, प्रवक्ता अंशू अवस्थी, सचिन रावत, अभिमन्यु त्यागी, कुँवर निषाद, तमजीद अहमद, राजकुमार मौर्य, अनिल यादव, विदित चौधरी, शाहनवाज आलम समेत सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
2024 में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे
यात्रा के अंत में गणेश शंकर विद्यार्थी चौक पर अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी की सरकार नहीं है। भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं पर कान बंद कर लेती है, गन्ना किसानों को सही मूल्य नहीं दे पा रही है। पेट्रोल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन रोजगार के अवसर नहीं हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरणा लेकर यूपी जोड़ो यात्रा शुरू की गई है, जो लखनऊ के शहीद स्मारक पर समाप्त होगी। हम 2024 में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
(अन्य खबरों के लिएहमेंफेसबुकऔरट्विटरपर फॉलो करें व हमारेयूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)