प्रदेश उत्तर प्रदेश फीचर्ड

भाजपा की बढ़त से कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल, रंग गुलाल के साथ लग रहे ‘जय श्रीराम’ के नारे

bjp-min-2

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणामों से भाजपा को बढ़त मिलने से विपक्षी दलों में मायूसी साफ दिख रही है। वहीं सत्तापक्ष में खुशी का माहौल है। भाजपा मुख्यालय में होली से पहले ही रंग की बहार साफ नजर आ रही है। भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी थी। कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। पार्टी के पदाधिकारी कार्यालय पर फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव और मनीष शुक्ला समेत अन्य नेताओं ने फोटो साझा की है। भाजपा कार्यालय परिसर में कार्यकर्ता पूरे जोश में दिखाई दे रहे हैं।

पार्टी कार्यकर्ता जय श्रीराम और जय भाजपा, तय भाजपा के नारे लगा रहे हैं। शुरुआती रुझान में भाजपा को भारी बढ़त मिलने के बाद भाजपाईयों का उत्साह भी चरम पर है। भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालयों में भी होली और दीपावली का माहौल है। पटाखे फोड़े जा रहे हैं। कार्यालय के बाहर गुलाल भी उड़ाया जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता के पक्ष में लहर है और पार्टी शानदार जीत के साथ इतिहास रचने के लिए तैयार है। पाठक ने कहा कि नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाएं, प्रशासन पर योगीजी की मजबूत पकड़ और पार्टी के संगठन ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। मुझे यकीन है कि हम एक शानदार जीत और इतिहास रचने की राह पर हैं।

ये भी पढ़ें..Stock Market : चुनाव नतीजों से पहले झूम उठा शेयर बाजार,...

पाठक ने यह भी कहा कि पार्टी संगठन ने चुनावों के लिए पिछले एक साल में आउटरीच कार्यक्रम किए, जिसमें ‘100 दिनों के 100 कार्यक्रम’ शामिल हैं, जिसमें समाज के संबंधित वर्गों के लिए गरीबों के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बात करना और आम तौर पर पार्टी के लिए अनुकूल तैयारी करना शामिल है। पाठक ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा ईवीएम को लेकर लगाए गए आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा, उन्हें कुछ न कुछ तो कहना है। जब हम बंगाल में हारे थे, तब ईवीएम की कोई बात नहीं थी और अब जब यूपी में यह स्थिति है, तो वे इस मुद्दे को उठाते हैं, क्यों?

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)