
मास्कोः रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी सहयोगी अलेक्जेंडर दुगिन की पत्रकार बेटी दरिया दुगिन की हत्या कर दी गई। दरिया दुगिन कार से घर जा रही थीं। उनकी कार में धमाका किया गया। इसके बाद कार में आग लग गई। आग में झुलसी दरिया की मौत हो गई। रूसी दार्शनिक अलेक्जेंडर दुगिन को दुनिया में 'पुतिन के ब्रेन' के रूप में जाना जाता है।
ये भी पढ़ें..सोमालिया में मुंबई जैसा हमलाः फायरिंग करते हुए होटल हयात में घुसे आतंकी, 40 की मौत, सभी दहशतगर्द ढेर
बता दें कि पुतिन के करीबी अलेक्जेंडर दुगिन प्रमुख राष्ट्रवादी विचारक हैं। उन्हें यूक्रेन युद्ध का मास्टरमाइंड भी कहा जाता है। रूसी मीडिया आउटलेट 112 के मुताबिक पिता-पुत्री शनिवार शाम को निशाना बनाई गई कार से एक कार्यक्रम से लौटने वाले थे। अंतिम समय में दुगिन ने अपना वापसी का कार्यक्रम बदल लिया। बेटी अकेले कार से रवाना हुई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेटी की मौत से दुगिन गहरे सदमे में हैं। यह वाकया मास्को के ओडिंटसोवो जिले में एक राजमार्ग पर हुआ है। अभी तक रूसी अधिकारियों ने कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। दार्शनिक की बेटी दरिया प्रमुख पत्रकार थीं। उन्होंने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण का समर्थन किया था। अलेक्जेंडर के लेखन को व्लादिमीर पुतिन के विश्वदृष्टि को गहराई से आकार देने का श्रेय दिया जाता है।
यूक्रेन हमले के मास्टरमाइंड हैं दुगिन
60 साल के अलेक्जेंडर दुगिन रूस के मशहूर राजनीतिक दार्शनिक और विश्लेषक हैं। क्रीमिया और यूक्रेन पर हमले का उन्हें मास्टरमाइंड कहा जाता है। 2015 में अमेरिका ने दुगिन पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके अलावा क्रीमिया पर कब्जे के विरोध में कुछ यूरोपीय देशों ने भी उन पर प्रतिबंध लगाया था।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)