
पटनाः बिहार विधानसभा में हुई घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल 26 मार्च को काला दिवस मनाएगी और बिहार बंद करेगी। राजद के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि सदन में बंदूक की नोंक पर विधेयक पास कराया गया। बिहार बंद की घोषणा राजद के नेता तेजस्वी यादव ने की। उन्होंने सत्ता पक्ष को चेतावनी वाले लहजे में कहा कि हम डरने वालों में से नहीं हैं। लड़ाई चलती रहेगी।
पटना में गुरुवार को तेजस्वी ने कहा कि पुलिस की बंदूक के नोंक पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल 2021 विधेयक पास कराया गया। तेजस्वी यादव ने कहा कि किसी भी हाल में बिहार सरकार को इस कानून को वापस लेना पड़ेगा या इसमें संशोधन करना पड़ेगा। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने 26 मार्च को बिहार बंद का ऐलान किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि 26 मार्च को किसान संगठनों का भारत बंद है। विधानसभा में विधायकों के साथ हुए अत्याचार के विरोध तथा बेरोजगारी के मुद्दे पर 26 मार्च को महागठबंधन द्वारा बिहार बंद का एलान किया जाएगा। पार्टी इस दिन काला दिवस मनाएगी।
यह भी पढ़ेंःभारत में Galaxy s-20fe का 5जी वेरिएंट लॉन्च करेगा सैमसंग, देखें...
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक बार फिर झूठ बोलने वाला मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि ऐसी घटना विधानसभा में नहीं हुई हैं। तेजस्वी ने दावा करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर तीन दिन और तीन रात सदन में धरने पर बैठे रहे थे, लेकिन उस समय सरकार ने बाहर से पुलिस नहीं बुलाई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा की घटना को अभूतपूर्व बता रहे हैं। विधायकों को पीटने वाले पुलिसकर्मियों को क्लीनचीट दे रहे हैं, लेकिन विधानसभा में हुई घटना पर खेद प्रकट नहीं किया।