
भोपालः सर्दी के बाद इस बार गर्मी भी जमकर कहर ढा रही है। मध्य प्रदेश में इन दिनों ऐसा लगने लगा है मानो आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर में सड़कें पूरी तरह सूनी हो जाती हैं। बुधवार को प्रदेश के राजगढ़ शहर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बुधवार को देश में मैदानी क्षेत्रों में सबसे अधिक तापमान है।
ये भी पढ़ें..IPL 2022: राशिद खान ने बिगाड़ा हैदराबाद का खेल, गुजरात ने 5 विकेट से जीता मैच
भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। इससे मौसम शुष्क बना हुआ है। सूर्य की किरणें सीधी पृथ्वी पर पड़ने के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को प्रदेश का राजगढ़ शहर सबसे अधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान देशभर के सभी शहरों में सबसे अधिक रहा। राजगढ़ के बाद सबसे अधिक गर्म उत्तर प्रदेश का झांसी (45.2) और तीसरे नम्बर पर राजस्थान का बीकानेर (45.2) रहा।
उन्होंने बताया कि बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। यह मंगलवार के अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री की तुलना में एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। भोपाल के अलावा इंदौर में बुधवार को अधिकतम तापमान 41.0 और न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबलपुर में अधिकतम तापमान 42.3 तथा न्यूनतम 24.5 और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 43.8 तथा न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री दर्ज किया गया।
भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में कोई भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। हालांकि दक्षिण-पूर्वी मप्र से विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बनी है, लेकिन इस मौसम प्रणाली का मप्र के मौसम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। सूर्य की किरणें भी लंबवत धरती पर पड़ रही हैं। इस वजह से तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को गर्मी के तेवर और तीखे हो सकते हैं। कई शहरों में लू की स्थिति बनने की संभावना है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)