काहिराः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) अमेरिका और मिस्र की ऐतिहासिक रूप से सफल यात्रा के बाद भारत लौट आए है। इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के बीच राजनीतिक एवं सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर हुई व्यापक बातचीत के बाद भारत और मिस्र ने अपने संबंधों को नई गति प्रदान करते हुए इन्हें रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ा दिया है।
26 साल पहली बार किसी भारतीय पीएम ने की मिस्र की यात्रा
मिस्र की राजकीय यात्रा पर आए मोदी ने अल-सिसी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दुनिया में महत्वपूर्ण विकास की समीक्षा की। यह 26 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मिस्र की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। रविवार शाम स्वदेश रवाना हुए मोदी ने ट्विटर पर कहा कि मेरी मिस्र यात्रा ऐतिहासिक थी। इससे भारत-मिस्र संबंधों में नई ऊर्जा आएगी और हमारे देशों के लोगों को लाभ होगा। मैं राष्ट्रपति अल-सिसी, सरकार और मिस्र के लोगों को उनके स्नेह के लिए धन्यवाद देता हूं।
मोदी और अल-सिसी ने दोनों देशों के बीच राजनीतिक और सुरक्षा सहयोग, रक्षा सहयोग, व्यापार और निवेश संबंधों, वैज्ञानिक और शैक्षिक आदान-प्रदान और लोगों से लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने के लिए व्यापक वार्ता के बाद एक रणनीतिक साझेदारी दस्तावेज पर सिग्नेचर किया।
ये भी पढ़ें..Pakistan: नवाज की वापसी का रास्ता तैयार, संसद में पारित हुआ ये प्रस्ताव
मिस्र पीएम मोदी किया गया सम्मानित
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि रणनीतिक साझेदारी पर समझौते के अलावा, दोनों देशों ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों, स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों की सुरक्षा एवं संरक्षण तथा प्रतिस्पर्धा कानून पर तीन अन्य समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए। अल-सीसी ने मोदी को मिस्र के सर्वोच्च ऑर्डर ऑफ द नाइल से भी सम्मानित किया, जो 13वां सर्वोच्च राजकीय सम्मान है।
मोदी (PM Modi) ने एक ट्वीट में कहा कि मैं ऑर्डर ऑफ द नाइल को बड़ी विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं इस सम्मान के लिए मिस्र की सरकार और लोगों को धन्यवाद देता हूं। यह भारत और हमारे देश के लोगों के प्रति उनकी सद्भावना और स्नेह को दर्शाता है। मोदी और अल-सिसी ने खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल साउथ के लिए एक मजबूत आवाज की आवश्यकता के मुद्दों पर प्रकाश डालते हुए जी-20 में आगे के सहयोग पर भी चर्चा की।
जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मिस्र को निमंत्रण दिया
वहीं सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मिस्र के राष्ट्रपति अल-सिसी को पीएम मोदी (PM Modi) ने निमंत्रण भी दिया। मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता अहमद फहमी ने कहा कि दोनों नेताओं ने शिखर स्तर पर बातचीत की, जिसके दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच विशिष्ट संयुक्त ऐतिहासिक संबंधों और इन्हें विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक क्षितिज तक पहुंचाने की आपसी प्रतिबद्धता की पुष्टि की, विशेष रूप से दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की पारस्परिक यात्राओं में तेजी लाकर।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)