राजनीति

Himachal Pradesh: बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष बोले- अपनी हरकतों से हारेंगे राहुल गांधी

Pawan Kajal attacks Rahul Gandhi

धर्मशालाः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पवन काजल ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस लोकतंत्र में अच्छे विपक्ष की भूमिका पर खरी नहीं उतर पा रही है। कांग्रेस गांधी-नेहरू परिवार और राहुल गांधी को लॉन्च करने में अपनी पूरी ताकत लगा रही है। इसके लिए देश की अन्य विपक्षी पार्टियों से भी समर्थन लिया जा रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल ने कहा कि गांधी परिवार की साख बचाने के लिए राष्ट्रीय और यहां तक कि स्वतंत्र क्षेत्रीय दलों से भी ऐसी शर्तों के साथ गठबंधन किया जा रहा है, जो देश को गिरवी रख देगा। यह स्वतंत्र लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है।'

2024 में कांग्रेस की हार तय

विधायक काजल ने कहा कि कांग्रेस देश को जोड़ने का वादा लेकर घूम रही है, जबकि हर जगह देश को तोड़ने की बात हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने नेतृत्व के लिए नेहरू-गांधी परिवार से बाहर सोचने की जरूरत है। काजल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को साल 2014 और 2019 में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, जब राहुल गांधी कांग्रेस का चेहरा थे। अब एक बार फिर उनकी ऐसी हरकतों से साल 2024 में कांग्रेस की हार तय है। उन्होंने कहा कि देश की जनता के समर्थन से भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में सरकार बनाएगी और आम लोगों के लिए काम जारी रखा जाएगा।

यह भी पढ़ेंः-UP Politics: सपा को तगड़ा झटका, विधायक समेत ये दिग्गज भाजपा में हुए शामिल

बीजेपी को मिलेगी बहुमत

विधायक काजल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश की भोली-भाली जनता को दस झूठे वादों में फंसाया और छल-कपट से प्रदेश की सत्ता हासिल की। झूठी गारंटी के कारण कांग्रेस को राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सत्ता गंवानी पड़ी। विधायक काजल ने दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में हिमाचल की जनता हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें बीजेपी को देगी। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)