उत्तर प्रदेश राजनीति

सपा से नाराज पल्लवी पटेल का बड़ा ऐलान, राहुल की न्याय यात्रा में होंगी शामिल

pallavi patel
UP Politics, वाराणसीः समाजवादी पार्टी (सपा) और अखिलेश यादव से नाराज चल रही अपना दल कमेरावादी नेता और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल (Pallavi Patel) ने बड़ा ऐलान किया है। पल्लवी पटेल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगी। पल्लवी पटेल 17 फरवरी को श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन कर न्याय यात्रा में राहुल गांधी का समर्थन करेंगी।

पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह 

दरअसल राहुल गांधी की न्याय यात्रा 16 फरवरी को चंदौली जिले की नौबतपुर सीमा से होते हुए यूपी में प्रवेश करेगी। अपना दल कमेरावादी के प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव के मुताबिक गठबंधन की रैली और न्याय यात्रा में पार्टी की शीर्ष नेता विधायक पल्लवी पटेल भी शामिल होंगी। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। ये भी पढ़ें..Rajya Sabha Election: BJP के 8वें कैंडिडेट संजय सेठ ने दाखिल किया नामांकन, यूपी में दिलचस्प हुआ मुकाबला भारत जोड़ो न्याय यात्रा 17 फरवरी को वाराणसी में होगी। पड़ाव चंदौली से यह यात्रा सुबह गोलगड्डा पहुंचेगी। यहां से पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ राहुल गांधी के साथ न्याय यात्रा में शामिल होगी। न्याय यात्रा विश्वेश्वरगंज, पीलीकोठी, मैदागिन होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी अन्य नेताओं के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे और गोदौलिया चौराहे पर लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा भदोही के लिए रवाना होगी।

पल्लवी पटेल सपा से नाराज

राहुल गांधी के दौरे में पल्लवी पटेल का शामिल होना इसलिए भी अहम हो जाता है क्योंकि वह राज्यसभा उम्मीदवारों को लेकर अखिलेश यादव से काफी नाराज हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा देने के बाद पल्लवी पटेल ने भी पार्टी से खुलकर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने सपा द्वारा अभिनेत्री जया बच्चन और आलोक रंजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी और इसे पीडीए के साथ विश्वासघात बताया था। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)