
गुवाहाटी: साल 2022 के समाप्त होने में अभी सिर्फ दो दिन शेष हैं। इस साल देश-दुनिया की कई घटनाओं ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। गुवाहाटी में भी खेल से जुड़ी गतिविधियाें ने सुर्खियां बटोरीं। साल के अंतिम दिनों में आइए जानते हैं पूर्वोत्तर की खेल जगत की इन चर्चित घटनाओं के बारे में -
12 जनवरी - टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहाईं को असम का पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नियुक्त किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने दिसपुर स्थित जनता भवन में बोरगोहाईं को नियुक्ति पत्र सौंपा।
25 मार्च - असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विस्व सरमा को 2022 से 2026 तक चार साल के एक और कार्यकाल के लिए भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष के रूप में फिर से निर्विरोध चुना गया।
31 मई - असम के तिनसुकिया जिला के दमदुमा शहर की गृहिणी संदीपा पात्रा अग्रवाल ने आर्म-रेसलिंग कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (बीसीएआई) की ओर से गोवा में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पांजा प्रतियोगिता की 78 कोजी श्रेणी में दो स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता।
ये भी पढ़ें..बंगाल में ताइक्वांडो प्रतियोगिता में ओबरा के बच्चों ने गाड़े झंडे, कुल 5 पदक पर किया कब्जा
01 जून - मेहल अग्रवाल ने एशियाई डांसस्कैट खेलों में स्वर्ण पदक जीता। नेपाल में 31 मई से 1 जून तक हुई प्रतियोगिता में मेहल ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-12 और अंडर-14 फ्रीस्टाइल वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर असम का नाम रौशन किया।
19 जून - गुजरात के वड़ोदरा में 16 जून से 19 जून तक अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित 'प्रथम नेशनल ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022' में दरंग जिला के उदमारी गांव की निवासी दीपमणि डेका ने 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।
21 सितम्बर - असम के एल्विस अली हाजरिका ने उत्तरी अटलांटिक महासागर में लगातार 14.38 घंटे तैरकर नॉर्थ चैनल को पार कर एक बार फिर मिसाल कायम की।
25 दिसम्बर - लवलीना बोरगोहाईं ने भोपाल में महिला मुक्केबाजी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)