देश फीचर्ड

नए साल का तोहफा, प्रधानमंत्री आज झारखंड को देंगे बड़ी सौगात

Prime Minister Narendra Modi addresses as he lays the foundation of the Agra Metro Rail Project

रांचीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नये साल के पहले दिन झारखंड को बड़ी सौगात देंगे। प्रधानमंत्री वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजधानी रांची में निर्मित होने वाले लाइट हाउस प्रोजेक्ट (एलएचपी) का वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास करेंगे।

नगरीय प्रशासन निदेशालय की निदेशक विजया जाधव ने गुरुवार को रांची में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा महत्वाकांक्षी ग्लोबल हाउसिंग टेक्नोलॉजी चैलेंज-इंडिया (जीएचटीसी-इंडिया) प्रोजेक्ट लांच किया जा रहा है। जीएचटीसी के माध्यम से विश्व स्तर परम को भारत में मुख्य धारा में लाने के लिए मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जीएचटीसी-इंडिया समग्र रूप से, आवास निर्माण क्षेत्र की तकनीकी चुनौतियों का सामना करने के लिए इको-सिस्टम विकसित करने में समक्ष होगा।

मॉडल के रूप में चुना गया रांची

विजया जाधव ने बताया कि रांची को राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती प्रक्रिया के माध्यम से एलएचपी के निर्माण के लिए एक मॉडल के रूप में देश के अन्य पांच शहरों (राजकोट, अगरतला, इंदौर, लखनऊ और चेन्नई) में चुना गया है। रांची में निर्मित होने वाले एलएचपी प्रोजेक्ट में प्रीकॉस्ट कंक्रीट कंस्ट्रक्शन सिस्टम-3 की प्रीकॉस्ट वॉल्यूमेट्रिक को अपनाया जा रहा है। यह भारत में इस्तेमाल की जा रही नवीनतम तकनीकों में से एक है, जिसे झारखंड राज्य में पहली बार अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक में कमरे को बिल्डिंग-ब्लॉक रूप में कारखानों में निर्मित किया जाएगा और मल्टी स्टोरी टॉवर का निर्माण करने के लिए एक के ऊपर एक रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह तकनीक प्रौद्योगिक एवं धूल और प्रदूषण मुक्त वातावरण के साथ-साथ पारंपरिक इमारतों की तुलना में घरों के तेजी से और गुणवत्ता आधारित निर्माण सुनिश्चित करती है। इस तकनीक के विशेषताओं में निर्माण अवधि में महत्वपूर्ण कमी, 90 प्रतिशत निर्माण कार्य कास्टिंग यार्ड में ही पूरा किया जाना, नियंत्रित और फैक्टरी वातावरण के कारण संसाधन अनुकूल, बेहतर गुणवत्ता, परिशुद्धता और प्लास्टर के उपयोग को समाप्त करना शामिल। इस निर्माण तकनीक के साथ यह राज्य और पूरे देश में पहली बार इतने बड़े पैमाने की परियोजना है।

से होगा निर्माण

परियोजना में निर्मित आवास में लगभग 315 वर्गफीट का घर की निर्माण किया जाएगा, जिसमें एक हॉल, एक शयनकक्ष, एक रसोई कमरा, एक बॉलकनी, एक बाथरूम और एक शौचालय होगा। इस परियोजना की विशेषताओं में बिजली, पानी, आधारभूत संरचना की संपूर्ण व्यवस्था, दो पहिया और चार पहिया पार्किंग की व्यवस्था, हाई स्पीट्स लिफ्ट्स और अग्निशमन और पार्क की सुविधा मिलेगी।

133.99 करोड़ में बनेंगे 1,008 आवास

यह परियोजना 133.99 करोड़ की है, जिसके तहत 1008 आवास का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत प्रति आवास केंद्रांश 5.5 लाख रुपये और राज्यांश एक लाख रुपये तथा लाभुक का अंशदान 6.79 लाख रहेगा।

झारखंड को मिलेंगे 5 पुरस्कार

शिलान्यास कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विभिन्न नगर निकायों एवं लाभुकों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें झारखंड को 5 पुरस्कार मिलेंगे। उत्कृष्ट आवास के लिए जामताड़ा के बादल दास, आदित्यपुर के शंभू सरदार एवं मानगो के संजय धरा को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट नगर परिषद् के क्षेत्र में झुमरी तिलैया नगर परिषद् को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, झारखंड राज्य को इमेज कम्युनिटी मॉबलाइजेशन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।