फीचर्ड राजनीति

नड्डा बोले- भाजपा नहीं करती वर्ग, जाति और धर्म की राजनीति

nadda

देहरादूनः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा है कि भाजपा वैचारिक आधार पर कार्य करने वाली पार्टी है। वह वर्ग, जाति और धर्म की राजनीति नहीं करती। हम सामाजिक समरसता से काम करते हैं। उन्होंने यह बात कांवली (शास्त्री नगर) में आयोजित बूथ कमेटी की बैठक में कही।

 

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि मतदाता को घर से मतदान केंद्र तक लाने का महत्वपूर्ण काम बूथ कमेटी करती हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को आडंबर से बचते हुए समरसता और सामूहिक प्रयासों से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य सभी दल परिवार तक सीमित हो गए हैं। भाजपा स्वयं में परिवार है। भाजपा में बूथ का कार्यकर्ता उच्च पद तक जा सकता है। भाजपा में यह ताकत है कि मंच पर अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष का काम नहीं है तो वह भी नीचे बैठकर बूथ अध्यक्ष की बात को सुनने की क्षमता रखता है। भाजपा की विशेषता है कैडर। कैडर बूथ की ही संरचना से बनता है। यह छोटी बात नहीं है। इस बूथ की अध्यक्ष महिला हैं। भाजपा में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाता है।

कांवली में देश के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब देश और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ कमेटी के कार्यक्रम में सहभागिता की। मंच पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, जिला अध्यक्ष सीताराम भट्ट, मंडल अध्यक्ष विजेंद्र थपलियाल और बूथ अध्यक्ष सोनिया वर्मा मौजूद रहीं। बैठक की अध्यक्षता बूथ अध्यक्ष सोनिया वर्मा ने की ।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दुष्यन्त कुमार, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, विधायक हरबंस कपूर, प्रदेश मंत्री दित्य चौहान और प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला उपस्थित रहे।

इससे पहले नड्डा ने बीजापुर अतिथि गृह सभागार में कार्यालय व विभाग समीक्षा बैठक में विभाग प्रभारियों व कार्यालयों से जुड़े पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि कोई इन्हें नीरस समझता है तो वे अपने कार्य से इनमें रस भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में विभाग की परिकल्पना पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने की है। वह अब फलीभूत हो रही है। इन विभागों के विभिन्न आयाम हैं। नड्डा ने बैठक में पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। सभी को सक्रियता से भागीदारी निभाने को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जिला कार्यालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है, क्योंकि कार्यालय ही ऐसी जगह होती है, जहां पर कार्यकर्ताओं को अच्छा वातावरण मिलने पर एक अच्छे कार्यकर्ता का निर्माण होता है । इसलिए हमें अपने कार्यालयों को आधुनिक बनाना होगा। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश प्रभारी दुष्यन्त कुमार गौतम, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश और सह प्रभारी रेखा वर्मा भी मंच पर मौजूद रहीं।