
मेरठः मुजफ्फरनगर के खतौली में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि उप चुनाव से प्रदेश सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है, लेकिन आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बड़ा संदेश देने वाला है। उन्होंने कहा कि हम स्वप्न दिखाने और मूर्ति लगाने में नहीं, बल्कि विकास कार्य करने में विश्वास रखते हैं। इससे उत्तर प्रदेश और देश में बड़े पैमाने पर परिवर्तन आया है।
मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली विधानसभा सीट के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के समर्थन में शनिवार को चुनाव प्रचार करने के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद पहुंचे। प्रबुद्ध सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज है। गुंडे-बदमाश प्रदेश से भाग खड़े हुए हैं। रालोद प्रत्याशी मदन भैया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बाहुबलियों को सबक सिखाया गया है। प्रदेश का हर वर्ग शांति महसूस कर रहा है। जनता ने भाजपा सरकार में सुशासन को महसूस किया है।
ये भी पढ़ें..Asian Cup TT: मनिका बत्रा ने रचा इतिहास, एशिया कप में...
जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व देश के लिए निर्णायक साबित हो रहा है। आने वाले दस वर्षों में इसका असर विश्व पटल पर दिखाई देगा। भाजपा सरकार द्वारा देश में संसाधनों के विकास के लिए लागू की गई योजनाओं से नए भारत का निर्माण हो रहा है। उत्तर प्रदेश में भी ऐसा ही किया जा रहा है। देश में भाजपा के अलावा कोई राष्ट्रीय दल नहीं है। देश में क्षेत्रीय दल व्यक्ति विशेष के लिए चल रहे हैं। जनता द्वारा भाजपा को दी गई ताकत से इन दलों का सफाया हो गया है। ऐसे में आवश्यकता है कि परिवर्तन को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों को मजबूत किया जाए। क्षेत्रीय दलों के पास नेतृत्व और कोई योजना नहीं है। भाजपा सरकार प्रत्येक क्षेत्र में ऐसी योजनाओं को ला रही है, जिसका असर आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ेगा।
अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…