दिल्लीः राजधानी वासियों को एक बार फिर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। पूर्वी दिल्ली के ग़ाज़ीपुर स्थित 'लैंडफिल' साइट पर रविवार को भीषण आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा, ''हमें शाम 5।22 बजे आग लगने की सूचना मिली। दो दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया है। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया है।”
भाजपा ने दिल्ली सरकार पर लगाया गंभीर आरोप
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए उत्खननकर्ताओं को भी काम पर लगाया गया है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने पिछले साल 31 दिसंबर तक गाजीपुर लैंडफिल साइट को खाली करने का वादा किया था, लेकिन अपना वादा पूरा नहीं किया।
ये भी पढ़ेंः-Dhaar: ऐतिहासिक भोजशाला में 31वें दिन भी जारी रहा एएसआई का सर्वे
कूड़ा हटाने के बजाए डाला गया कूड़ा
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने एक बयान में कहा कि लैंडफिल साइट पर आग लगने के कारण पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया है, जिससे निवासियों और व्यवसायों को असुविधा हो रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 2022 के एमसीडी चुनाव से पहले 31 दिसंबर 2023 तक लैंडफिल साइट खाली करने का वादा किया था, लेकिन कूड़ा हटाने की बजाय यहां और कूड़ा डाल दिया गया। 2019 में, ग़ाज़ीपुर लैंडफिल साइट की ऊंचाई 65 मीटर थी, जो कुतुब मीनार से केवल आठ मीटर कम थी।