झांसीः जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से जनपद के मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों, मौलवियों, मुतवल्लियों एवं धर्मगुरूओं से अपील की है कि वह शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार को मनाने का आह्वान करें। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों व सड़कों पर नमाज न पढ़ने की भी अपील की है।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पंचायतों को नगरीय क्षेत्रों तथा जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों के (धर्मस्थल) मस्जिदों के आस-पास साफ-सफाई एवं जलापूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चैराहों तथा निर्धारित स्थलों पर कूड़ा ट्राली तथा बड़े डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी दिये जाने वाले पशुओं के अवशेष को डिस्पोजल करने के लिए गड्ढे खुदवा लें।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थल एवं खुले स्थानों को अवश्य चिन्हित कर लें ताकि वहां कुर्बानी न दी जा सके। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत सप्लाई की व्यवस्था सुचारू रूप से आपूर्ति करने के भी निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर कुर्बानी से संबंधित चलचित्र एवं अफवाहों संबंधी चलचित्र का प्रेषण न किया जाये। ऐसा करने वालों को चिन्हित करते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही की जायेगी।
ये भी पढ़ें..प्रियंका कक्कड़ बोलीं, राजधानी में कोई जगह सुरक्षित नहीं केजरीवाल को...
उन्होंने पुलिस एवं जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इन्तजाम किये जाये। कानून एवं शान्ति व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए। समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस व थाना अध्यक्ष सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या न हो। सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाये। जनपद के सभी निकाय क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों में साफ सफाई, विद्युत तथा जलापूर्ति पर विशेष रूप से फोकस किया जाये। प्रतिबन्धित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं दी जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर पशु की कुर्बानी न दी जाए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि नमाज केवल मस्जिदों में ही पढ़ी जाये। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाये।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)
प्रदेश
उत्तर प्रदेश
फीचर्ड