पटनाः जदयू के कद्दावर नेता प्रफुल्ल पटेल (Praful Patel) सोमवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गये। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रदेश कार्यालय में उन्हें समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता दिलायी। प्रफुल्ल पटेल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से आते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रफुल्ल पटेल के भाजपा में आने से नालंदा में पार्टी को मजबूती मिलेगी।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि नालंदा की पवित्र धरती से आकर इन लोगों ने आज पार्टी को मजबूत किया है। भारतीय जनता पार्टी नालन्दा की पवित्र भूमि का मान और बढ़ाएगी। 29 साल से लालू-नीतीश के राज में बिहार और नालंदा में सब कुछ बर्बाद हो गया है। पहले 15 साल तक लालू ने बिहार को बेहाल किया, अब 18 साल से नीतीश कुमार बिहार को बर्बाद करने में लगे हैं।
ये भी पढ़ें..चुनावी राज्य MP में दलित युवक की हत्या से गरमाई सियासत, निशाने पर शिवराज सरकार!
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश मुक्त बिहार बनाना है। इसमें नालंदा का सबसे बड़ा रोल है। नालंदा को पूरी तरह से नीतीश मुक्त करना है और नालंदा के लोगों से भी मुक्त करना है। राजद सुप्रीमो लालू यादव पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने आरक्षण का फायदा अपने लिए फिर पत्नी को दिया फिर बेटा को दिया फिर बेटी को दिया। यही है लालू का आरक्षण का मॉडल। उन्होंने कहा कि भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार में 40 से 40 सीट मिलेगी। 2025 में भाजपा के बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री बनना है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)