UP Weather: आसमान से बरस रही आग, तापमान पहुंचा 42 के पार, राहत की गुंजाइश नहीं
Published at 14 Jun, 2023 Updated at 14 Jun, 2023
UP Weather: Lucknow: उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिले इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। सूरज की तेज किरणें सुबह के समय से ही आग उगलना शुरू कर देती हैं। तेज धूप के चलते गर्मी का पारा भी बढ़ जाता है और दिन चढ़ने के साथ ही धरती धधकती हुई भट्टी की तरह तपने लगती है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों का घर से बाहर निकलता भी दूभर हो गया है।
गर्मी के चलते बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम हो गयी है। तेज धूप के चलते त्वचा को भी नुकसान हो रहा है। ऐसे में चिकित्सक यह सलाह दे रहे हैं कि घर से बाहर जाते समय अपने पास पानी की बोतल जरूर रखें। सिर और मुंह को गमछे या दुपद्दे से कवर करें। बहुत ज्यादा जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें और बाहर की चीजों का कम से कम ही सेवन करें।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई भी उम्मीद नहीं है। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। लेकिन फिर भी मौसम में बदलाव की गुंजाइश नहीं है। यूं तो उत्तर प्रदेश में 18 जून तक मानसून अपनी आमद दर्ज करा देता है। लेकिन इस बार यूपी में नियत समय पर मानसून के आने की संभावना कम ही है। हवा के रूख में बदलाव आने पर ही मानसून के आने के संकेत मिलेंगे। बुधवार को यूपी की राजधानी लखनऊ का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी में सबसे ज्यादा तापमान झांसी जनपद में रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को यहां का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं प्रयागराज में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें..Wrestlers Protest: पहलवानों के समर्थन में आज हरियाणा बंद, दिल्ली में...
22 जून तक यूपी पहुंच सकता है मानसून
चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बुधवार को बताया कि पूर्वोत्तर अरब सागर के ऊपर बना अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बिपरजोय धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है, जो मानसून के लिए मददगार बन रहा है। हालांकि अभी तक मानसून पूर्वी बिहार में ही पहुंचा है और 22 जून के आसपास उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में पहुंचेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक लू विकराल रूप धारण कर सकती है।
इसके साथ ही स्थानीय कारणों से हल्की बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना है। बुधवार को कानपुर में भी बूंदाबांदी हुई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी यही स्थिति रही। पश्चिमी उत्तर प्रदेश अभी शुष्क रहेगा और लू तेज गति से चलेगी। राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर में अगले चार दिनों तक दिन-रात लू चलेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश की भी संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर लू चलने की भी संभावना है। 17-18 जून को पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।
(अन्य खबरों के लिएहमेंफेसबुकऔरट्विटरपर फॉलो करें व हमारेयूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)