Guna bus accident, भोपाल: गुना बस दुर्घटना मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य परिवहन आयुक्त, गुना कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत जिले के दो वरिष्ठ अधिकारियों को दंडित किया है। गुना कलेक्टर तरूण राठी का तबादला भोपाल कर दिया गया है, वहीं एसपी विजय कुमार खत्री को भी हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल भेज दिया गया है। इसके अलावा संजय कुमार झा को परिवहन आयुक्त के पद से हटा दिया गया है। साथ ही जिले के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) रवि बरेलिया और गुना नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) बीडी कतरोलिया को निलंबित कर दिया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार देर शाम एक आदेश जारी कर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश कुमार राजौरा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है, जबकि प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को उक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, राज्य सरकार ने विशेष पुलिस महानिदेशक और परिवहन आयुक्त संजय कुमार झा को परिवहन आयुक्त के पद से मुक्त करने का आदेश भी जारी कर दिया है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार गुना कलेक्टर तरूण राठी को अपर सचिव, मध्य प्रदेश शासन के पद पर नवीन पदस्थ किया गया है। गुना जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रथम कौशिक को कलेक्टर गुना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी प्रकार गुना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार खत्री को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल के पद पर पदस्थ करते हुए गुना पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार जिले के वरिष्ठतम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपने के आदेश जारी किये गये हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री यादव ने गुना से आरोन जाते समय बजरंगगढ़ के पास हुई बस दुर्घटना में मृत यात्रियों के परिजनों और घायल यात्रियों से जिला अस्पताल में मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उनके परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की कामना की। मुख्यमंत्री ने घायल यात्रियों के परिजनों से मुलाकात की और बस दुर्घटना में झुलसे यात्रियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उचित इलाज के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मध्य प्रदेश
फीचर्ड