देश फीचर्ड

हेलिकाॅप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह का निधन, आईएएफ ने जताया शोक

varun

नई दिल्लीः तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलिकाॅप्टर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह को इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्हें कई दिनों से लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था। यह जानकारी भारतीय वायुसेना ने ट्वीट के माध्यम से दी। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को इस साल स्वतंत्रता दिवस पर 2020 में एक हवाई आपातकाल के दौरान अपने एलसीए तेजस लड़ाकू विमान को बचाने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। 

भारतीय वायुसेना के आधिकारित ट्विटर से ट्वीट कर बताया गया कि ‘भारतीय वायुसेना को बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की सूचना देते हुए गहरा दुख हुआ है, जिनकी आज सुबह 8 दिसंबर 21 को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई चोटों के कारण मृत्यु हो गई। भारतीय वायुसेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है और शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।’ वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वरुण सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, "ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने गर्व, वीरता और अत्यधिक व्यावसायिकता के साथ देश की सेवा की। उनके निधन से बेहद आहत हूं। राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं।" रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक ट्वीट में कहा कि वायुसेना के पायलट ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में सुनकर शब्दों से परे दुख हुआ। वे एक सच्चे योद्धा थे, जो अंतिम सांस तक लड़ते रहे। मेरे विचार और गहरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

यह भी पढ़ें-स्कूटी और बाइक में जोरदार भिड़ंत, एक ही परिवार के तीन लोगों समेत 4 की मौत

दरअसल, आठ दिसंबर को हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटना में ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह जीवित बचने वाले अकेले व्यक्ति थे। वहीं इस दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 12 अन्य लोगों की जान चली गई थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)