Sridevi Birth Anniversary: मुंबईः हिंदी सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार रहीं
श्रीदेवी (Sridevi) का आज 60वां जन्मदिन हैं। उन्होंने अपनी बेहतरीन अदाकारी से लोगों का खूब दिल जीता था। दमदार एक्टिंग और बेमिसाल खूबसूरती की मल्लिका श्रीदेवी के जन्मदिन पर उनके फैंस उन्हें याद कर रहे हैं। गूगल ने भी अनोखे अंदाज में श्रीदेवी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
गूगल ने डूडल बनाकर किया श्रीदेवी को याद
श्रीदेवी ने भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अपनी एक्टिंग का परचम लहराया। आज भले ही वह इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन फैन्स के दिलों में वह हमेशा जिंदा रहेंगी। बॉलीवुड की ’चांदनी’ के बर्थडे के मौके पर गूगल ने डूडल के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। गूगल ने अपने होमपेज पर मुंबई की अतिथि कलाकार भूमिका मुखर्जी के खूबसूरत चित्रण के साथ श्रीदेवी को याद किया है।
श्रीदेवी का फ़िल्मी करियर
13 अगस्त, 1963 को तमिलनाडु में जन्मी श्रीदेवी का असली नाम अम्मा यंगर अय्यपन था, लेकिन उन्हें श्रीदेवी के नाम से ही पहचाना जाता है। चार साल की उम्र में इंडस्ट्री में कदम रखने वाली श्रीदेवी ने करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। उन्होंने ’चांदनी’, ’लम्हे’, ’मिस्टर इंडिया’, ’चालबाज’, ’नगीना’, ’सदमा’ और ’इंग्लिश विंग्लिश’ जैसी फिल्मों में काम कर खुद को सदाबहार अभिनेत्रियों की सूची में शामिल किया। उन्हें आखिरी बार ’मॉम’ में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर देखा गया था। इस फिल्म के लिए एक्ट्रेस ने नेशनल अवॉर्ड भी जीता था। वह शाहरुख खान की फिल्म ’जीरो’ में भी नजर आ चुकी हैं। श्रीदेवी ने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम किया है। बेस्ट एक्ट्रेस के तौर पर कई अवॉर्ड जीत चुकीं श्रीदेवी को साल 2013 में पद्मश्री से भी नवाजा गया था।
ये भी पढ़ें..Jailer BO Collection: बॉक्स ऑफिस पर रजनीकांत की ’जेलर’ की आंधी,...
श्रीदेवी की पर्सनल लाइफ
साल 1996 में श्रीदेवी ने फिल्म निर्माता बोनी कपूर से शादी की। श्रीदेवी बोनी की दूसरी पत्नी थीं। श्रीदेवी और बोनी की दो बेटियां हैं- जान्हवी कपूर और खुशी कपूर। जान्हवी इंडस्ट्री में अपने पैर जमा चुकी हैं तो वहीं खुशी फिल्म ’द आर्चीज’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 24 फरवरी 2018 को दुबई में होटल के कमरे के बाथटब में डूबने से श्रीदेवी की मौत हो गई थी।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)