
लखनऊः योगी सरकार 19 मार्च को अपने चार वर्ष का कार्यकाल पूरे करने जा रही है। प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने इस मौके पर सरकार के साथ-साथ प्रदेशवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। श्री नाईक ने कहा कि वर्ष 2014 में जब उन्होंने राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की थी तब उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ बनें ऐसी कामना उन्होंने व्यक्त की थी। यह कामना योगी सरकार ने साकार की है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही उत्तर प्रदेश ‘सर्वोत्तम प्रदेश’ बनेगा।
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपार संभावनाओं का भंडार है। सही दिशा मिले तो उत्तर प्रदेश की प्रगति को कोई रोक नहीं सकता। जिस तेजी से प्रदेश में व्यापार-उद्योग बढ़ रहा है, उसके चलते 35 लाख से भी अधिक युवाओं को आमदनी का रास्ता मिल गया है। उन्होंने कहा कि अब तक उत्तर प्रदेश के निजी क्षेत्रों में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश हुआ। राजस्व में हुई बढ़ोतरी भी प्रशंसनीय है। वर्ष 2017 में जीएसटी के तहत 9 हजार करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ था, यह बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये हो गया है। श्री नाईक ने अर्थव्यवस्था के साथ-साथ कानून व्यवस्था में भी हो रहे सुधार पर विशेष संतोष जताया।
यह भी पढ़ेंःकैट ने कहा- भारत की रिटेल सेक्टर को बर्बाद कर देंगी...
उन्होंने कहा कि एक हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की माफियाओं की अवैध संपत्तियों का जब्तीकरण तभी हो सकता है जब कानून व्यवस्था मजबूत हो। महिलाओं के लिए 1,500 से अधिक पुलिस थानों में मदद कक्ष स्थापित करने से महिलाएं अब स्वयं को सुरक्षित व सशक्त महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में वर्षों से इंसेफेलाइटिस की बीमारी के कारण बड़े पैमाने पर मृत्यु होती थी। इस आपदा पर भी योगी सरकार ने नियंत्रण पाया और मृत्यु दर 91 प्रतिशत कम हुई है। स्वच्छता के प्रयासों में योगी सरकार कोई कमी नहीं छोड़ रही इसका यह सबूत है। सरकार के ऐसे ही कड़े प्रयासों का काशी, प्रयागराज और अयोध्या के विकास में भी योगदान है।