फीचर्ड दिल्ली

‘कट्टर बेईमान’ केजरीवाल भ्रष्टाचार के माहिर खिलाड़ी, ईडी के समन पर पेश न होने पर बीजेपी हमलावर

Gaurav Bhatia
ED summons to Kejriwal: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के बावजूद पेश नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोल रही है। बुधवार को बीजेपी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि 'कट्टर बेईमान' अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के माहिर खिलाड़ी हैं। जो लोग कभी कहते थे कि भारत से भ्रष्टाचार मिटाना है, वे अब इतने भ्रष्ट हो गए हैं कि खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं। अरविंद केजरीवाल घबराए हुए हैं और कह रहे हैं, ''लागा चुनरी में दाग छुपाऊं कैसे, क्या है भ्रष्टाचार ईडी के पास जाऊं कैसे'।

देश के कानून से ऊपर कोई नहीं- गौरव भाटिया

गौरव भाटिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अच्छी तरह से जानते हैं कि वह भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाएंगे। इसलिए वे समन से भाग रहे हैं लेकिन देश के कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्हें देश के कानून पर विश्वास नहीं है। वह भ्रष्टाचार के माहिर खिलाड़ी हैं। नौटंकी है फुल जबावदेही है गुल। फिलहाल जिसने भी भ्रष्टाचार किया है वह जेल जायेगा। उन्होंने कहा कि साढ़े दस महीने हो गए, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री को जमानत नहीं दी। तीन महीने हो गए कोर्ट ने संजय सिंह को जमानत नहीं दी। ये दोनों कठपुतली हैं, इन्हें अरविंद केजरीवाल चला रहे हैं। केजरीवाल सरगना हैं। उन्होंने कहा कि INDI गठबंधन भ्रष्टाचार का पर्याय है। चाहे हेमंत सोरेन हों या अरविंद केजरीवाल, दोनों भ्रष्टाचार करने से नहीं बल्कि जांच एजेंसियों के पास जाने से डरते हैं।

नोटा से भी कम मिले वोट- बीजेपी

गौरव भाटिया ने यह भी कहा कि 5 राज्यों में चुनाव हैं इसलिए वह ईडी के सामने पेश नहीं हो सकते। क्योंकि वह एक स्टार प्रचारक हैं जबकि आंकड़े कहते हैं कि आम आदमी पार्टी को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में नोटा से भी कम वोट मिले हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)