प्रदेश फीचर्ड दिल्ली

G20 और जोशीमठ की प्राकृतिक आपदाओं जैसे विषयों पर मंथन करेंगे डीयू के छात्र

DU students to brainstorm on G20- Joshimath natural disaster
DU students

नई दिल्लीः जी-20 में भारत की भूमिका, जी-20 और पर्यावरण नीति, उत्तराखंड के जोशीमठ में घट रही आपदा, इसके कारण तथा प्रकृति का संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के बीच चर्चा होगी। दिल्ली विश्वविद्यालय में जी-20 के तत्वाधान और पर्यावरण से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर 'सृष्टि मंथन' पर्यावरण सम्मेलन 23 जनवरी को आयोजित होगा। इसमें दिल्ली के अलग अलग विश्वविद्यालयो व कॉलेजों से छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। सम्मेलन से पूर्व दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेज में प्रिंसिपल के साथ पोस्टर विमोचन किया गया। साथ ही जेएनयू, जामिया आदि विश्वविद्यालय में भी पोस्टर का विमोचन किया गया।

ये भी पढ़ें..Bihar: भाजपा के लिए संजीवनी साबित होगी बड़बोले नेताओं की बयानबाजी

सम्मेलन का पहला सत्र विकासार्थ विद्यार्थी पर केन्द्रित होगा। इसमें विकासार्थ विद्यार्थी के पूर्ववर्ती कार्य एवं आगामी योजनाओं पर चर्चा होगी। सम्मेलन का दूसरा सत्र जी20 पर आधारित होगा जिसमें सरकार की पर्यावरण संबंधित नीतियों पर चर्चा होगी ताकि भविष्य में जी20 के मंच पर इन नीतियों पर चर्चा हो सके। तीसरा सत्र जोशीमठ पर केन्द्रित होगा जिसमें जोशीमठ में घट रही आपदीय घटनाओं के कारणों तथा प्रकृति संरक्षण पर चर्चा होगी तथा चौथा सत्र पर्यावरण संबंधित महत्वपूर्ण विषय पर केन्द्रित होगा।

सम्मेलन का प्रमुख विषय प्रकृति संरक्षण तथा प्रकृति संरक्षण में भारत की भूमिका होगी जिसमें पर्यावरणविद, नीति निर्माता तथा शिक्षाविद उपस्थित छात्रों के साथ सहभाग कर छात्रों के साथ पर्यावरण सम्बन्धित महत्वपूर्ण विषयों पर सामूहिक चर्चा करेंगें। विकासार्थ विद्यार्थी ने इस संबंध में दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों और जेएनयू में पोस्टर विमोचन भी किया है।

एसएफडी दिल्ली प्रांत के संयोजक अमन यादव ने बताया, "एक स्वस्थ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन का आधार है। पर्यावरण की देखभाल और संरक्षण युवाओं की प्राथमिकता बने इसके लिए विकासार्थ विद्यार्थी वर्षों से अपने कार्यों से प्रयासरत हैं। जी20 टीम के साथ मिलकर सृष्टि मंथन कार्यक्रम के माध्यम से हम जोशीमठ जैसे अति महत्वपूर्ण पर्यावरण संरक्षण के विषयों पर जागरूकता और संबंधित नीतियों पर चर्चा परिचर्चा आयोजित करेंगे। इस विषय में मार्गदर्शन हेतु हमें कुछ विशिष्ठ विद्वानों का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।" छात्रों का कहना है कि इस चर्चा के माध्यम से डीयू में छात्रों के मध्य प्रकृति संरक्षण विषय पर चर्चा परिचर्चा और जागरूकता का संचार होगा। वहीं दूसरी ओर विद्वानों के मध्य जोशीमठ की आपदा एवं संबंधित नीतियों पर गंभीर चर्चा का आयोजन होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)