विशेष

पश्चिमी विधानसभा को इकोनाॅमिक हब बनाना सपना: राजीव बक्शी

Capture
आईपीके, लखनऊः कांग्रेस के पूर्व मीडिया प्रभारी रहे राजीव बक्शी आम आदमी पार्टी का दामन थामने के बाद चुनावी तैयारी में लग गए हैं। वह अपने क्षेत्र में जहां लोगों को आप से जोड़ रहे हैं, वहीं पश्चिमी विधानसभा को इकोनाॅमिक हब बनाने के प्लान में भी जुट गए हैं। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद पहली बार इंडिया पब्लिक ख़बर से बातचीत में राजीव बक्शी ने कांग्रेस से मोहभंग होने के कारणों के अलावा आप की नीतियों को लेकर खुलकर बातचीत की।

- आप आम आदमी पार्टी में ही क्यों शामिल हुए ?

आम आदमी पार्टी को चुनने का सबसे महत्वपूर्ण कारण यह रहा कि 5 पुश्तों से कांग्रेस में रहने के बाद भी उचित सम्मान नही मिला। पार्टी न तो अपने सिद्धांतों पर चल पा रही है और न ही उसे संभाल पा रही है। इससे भी ज्यादा प्रमुख बात यह रही कि पुराने कार्यकर्ताओं और लीडरशिप पर कांग्रेस नेतृत्व ने आघात किया, खास तौर पर प्रियंका गांधी और उनकी टीम ने। यही वजह रही कि मुझे आम आदमी पार्टी में शामिल होना पड़ा।

- आप की किन नीतियों से आप सबसे ज्यादा प्रभावित हुए ?

आम आदमी पार्टी जन की नीति की पार्टी है, समाज के सबसे गरीब वर्ग के लोगों को उठाना चाहती है और ईमानदारी सबसे बड़ा एजेंडा है। इन सब चीजों के साथ-साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली माॅडल ने मुझे सबसे अधिक प्रभावित किया। वहां पर केजरीवाल ने 100 रूपए में होने वाले काम को 40 रूपए में किया और आज दिल्ली का कायाकल्प हो चुका है। कांग्रेस और भाजपा ने सिर्फ झूठे वायदे किए और केजरीवाल ने जो कहा, उसे करके दिखा दिया। उन्होंने जन की व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली, 20 हजार लीटर पानी फ्री, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के बस यात्रा फ्री, सरकारी स्कूलों की स्थिति बेहतर करने के साथ-साथ अस्पतालों को भी दुरूस्त किया। मैं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से हूं और इन सभी कार्यों ने मुझे सबसे अधिक प्रभावित किया।

- क्या यूपी में दिल्ली माॅडल लागू हो सकता है ?

जरूर होगा। बीजेपी सरकार इसकी जो चुनौती देती है, वह बहुत ज्यादा भ्रमित है। यदि 2 करोड़ आबादी दिल्ली की है और यूपी की आबादी 22 करोड़ है तो जिन परिस्थितियों में आम आदमी पार्टी ने वहां काम किया, उससे कई गुना बेहतर तरीके से यहां काम हो सकता है। दिल्ली तो केंद्रशासित प्रदेश है, लेकिन यूपी में हमें स्वायत्तता वाली सरकार मिलेगी। जिससे यहां पर दिल्ली से 40 प्रतिशत बेहतर काम होगा।

- पश्चिमी विधानसभा से आप प्रभारी बनाए गए हैं ? वहां पर सांगठनिक मजबूती के लिए आप क्या कर रहे हैं ? प्रभारी बनाए जाने के बाद यहां पर तेजी से लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं और वृहद सदस्यता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अलावा मैं पश्चिम विधानसभा को एक इकोनाॅमिक माॅडल के रूप में स्थापित करना चाहता हूं। यहां पर टूरिज्म को लेकर बढ़ावा देने की मंशा है। जरदोजी, चिकनकारी, कबाब पराठे, बिरयानी, लस्सी, ठंडाई, मिठाई सब प्रसिद्ध है और यहां पर 100 वर्ष पुराने करीब 62-63 मंदिर व 30-35 मस्जिद-दरगाह स्थित हैं। ऐसे में यहां पर टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं।

यह भी पढ़ेंःप्रियंका बोलीं- किसान के लिए जवाबदेह है सरकार, सुननी चाहिए उनकी बात

- आम आदमी पार्टी का संगठन यूपी में उतना मजबूत नही है, जितना कि भाजपा ? ऐसे में आप कैसे मुकाबला करेगी ? यह अतिशयोक्ति है। यही बीजेपी थी, जिसके देश के अंदर कभी 2 सांसद हुआ करते थे, यही कांग्रेस है जो किसी मोटरसाइकिल वाले को टिकट दे देती थी तो वह जीत जाता था। ऐसी ही स्थिति सपा-बसपा की भी रही। जब जन खड़ा होता है तो संगठन फेल होता है। जब संगठन खड़ा हुआ होता है तो जरूरी नही है कि जन आपके साथ खड़ा हो।