प्रदेश मध्य प्रदेश क्राइम

खूनी संघर्ष में बदला बच्चों का विवाद, दो परिवारों में गोलियां चलने से 8 घायल

gun fire_643
gun fire

भोपाल: राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में बच्चों को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो परिवार के बीच गोलियां चल गईं, जिसमें चार साल के मासूम समेत आठ लोग घायल हो गये। सभी घायलों को पहले जहांगीराबाद स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उनको हमीदिया अस्पताल रैफर किया गया है। जहां एक की हालत नाजुक है। घटना के बाद से सभी आरोपित मौके से फरार हैं। घटना के बाद पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी में बताया गया कि ऐशबाग थानातंर्गत खटीक मोहल्ले गली नंबर दो निवासी सुनीता (40 वर्ष) पत्नी अजय खटीक का मोहल्ले में रहने वाले पवन खटीक की मां से दो दिन पहले बच्चों के खेल को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि पवन ने सुनीता के सिर पर पानी की स्टील की बोतल दे मारी। बोतल लगते ही सुनीता का सिर फूट गया था। बाद में परिजनों के साथ उसने थाने में एफआइआर दर्ज करा दी थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद गिरफ्तारी नहीं की गई थी। पुलिस का कहना है कि उनका समझौता हो गया था।

सुनीता को चोट लगने की बात पता चलने पर राजगढ़ से उसके भाई विनोद, राकेश और दोनों भाईयों की पत्नी और मां उसे देखने आए थे। रविवार शाम को वह पड़ोस में पूछ रहे थे कि दो दिन पहले किस बात पर झगड़ा हुआ था, सुनीता की कोई गलती थी। इतने पर पवन उसके परिवार के लोगों ने घर की बालकानी से बंदूकों से अंधाधुंध गोली चलाना शुरू कर दिया। इस गोलीबारी में गली में भगदड़ मच गई। आरोपितों द्वारा करीब 12 फायर किए गए। इसमें आठ लोगों को गोली लगी है, घायलों अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत नाजुक है।

यह भी पढ़ेंः-सदन में मारपीट के मामले में भाजपा के पांच विधायक निलंबित,...

इस पूरे घटनाक्रम में सुनीता के भाई राकेश के गले में गोली लगी है, बाकी विनोद, सुनीता की दोनों भाभी कृष्णा और अनीता, सुनीता उनका के पति अजय और चार साल के बेटे किट्टू के पैर में गोली लगी है। घायलों में अधिकांश 35 से 40 साल के करीब हैं। सभी का उपचार हमीदिया अस्पताल में किया जा रहा है। सुनीता की मां भी घायल हुई है। सुनीता ने बताया कि गोली चलाने वालों में पवन खटीक, लक्ष्मन, अरविंद, अर्जुन और पुरूषोतम शामिल हैं। फिलहाल घटना के बाद से सभी आरोपित मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)