Ujjain: विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में धुलेंडी पर भस्मारती के दौरान गर्भगृह में लगी आग से झुलसे एक सेवक की बुधवार को मौत हो गई है। 80 वर्षीय सेवक सत्यनारायण सोनी 30 प्रतिशत से अधिक झुलस गए थे। अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उन्हें इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया था, मगर डाक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
गौरतलब है कि, पिछले माह 25 मार्च को धुलेंडी के दिन उज्जैन के महाकाल मंदिर सुबह भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग से 14 लोग झुलस गए थे। इस दौरान मंदिर के सेवक सत्यनारायण गंभीर रूप से झुलसे गये थे। पहले उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां गंभीर हालत देखते हुए उनको इलाज के लिए मुंबई रेफर कर दिया। बता दें कि पुजारी पुत्र मनोज शर्मा , पुजारी संजय शर्मा, और सेवक चिंतामण अभी इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में भर्ती हैं।
ये भी पढ़ें: कानपुर लोकसभा सीट से विपक्ष नदारद, लगातार तीसरी बार खिलेगा कमल!
सीएम यादव ने जताया दुखदुख
महाकाल के सेवक की मौत पर सीएम मोहन यादव ने भी दुख जताया है। एक्स पर उन्होंने लिखा कि, होली के पर्व पर महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान हुए भीषण हादसे में महाकाल भक्त श्री सत्यनारायण सोनी जी का उपचार के दौरान निधन, मेरी व्यक्तिगत क्षति है। शोकाकुल परिवार के साथ हम सबकी संवेदनाएं हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि, दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवारजनों को यह अपार दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!