देश फीचर्ड दिल्ली

CRPF के चीफ सुजॉय लाल थाउसेन ने संभाला BSF का अतिरिक्त प्रभार, DG पंकज सिंह हुए रिटायर

bsf-dg-Dr.-Sujoy-Lal

नई दिल्लीः केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चीफ सुजॉय लाल थाउसेन ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। दरअसल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के डीजी पंकज सिंह शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनकी सेवानिवृत्ति पर छावला कैम्प में एक भव्य विदाई परेड आयोजित की गई। विदाई परेड के दौरान पंकज सिंह द्वारा बीएसएफ के 22 जवानों और अधिकारियों को 'सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस मेडल' (पीएमएमएस) से सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें..Weather Update : कड़ाके की ठंड के साथ हुआ नए साल का स्वागत, दिल्ली में जारी रहेगी शीतलहर

वहीं परेड के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक (डीजी) डॉ. सुजॉय लाल थाउसेन को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. सुजॉय लाल थाउसेन ने आज बीएसएफ मुख्यालय में अतिरिक्त प्रभार संभाला। डॉ. सुजॉय लाल थाउसेन, आईपीएस, मध्य प्रदेश कैडर की भारतीय पुलिस सेवा के 1988 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न पदों पर काम किया है और 1999 - 2000 में बोस्निया और हर्ज़ेगोविना में संयुक्त राष्ट्र मिशन में तैनात थे। उन्होंने 2004 से 2013 तक विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) में डीआईजी और आईजी के रूप में भी काम किया है।

बता दें कि बीएसएफ भारतीय डिफेंस में अग्रिम पंक्ति की सिक्योरिटी फोर्स है। पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगी भारतीय सीमा के 7,419 किलोमीटर की रक्षा का जिम्मा बीएसएफ के पास है। देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाले अर्धसैनिक बल बीएसएफ में लगभग 2.65 लाख जवान तैनात हैं, जो पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ भारतीय सीमा की रक्षा करते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)