प्रदेश उत्तर प्रदेश फीचर्ड

कांग्रेस के गढ़ में सीएम योगी की हुंकार, बोले-विपक्ष के जीन में हैं भ्रष्टाचार

yogi-7

रायबरेलीः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोनिया गांधी के गढ़ में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस देश की हर समस्या की जड़ है। देश के हितों के साथ समझौता करना हो, उग्रवाद समस्या या जातीय और भाषाई दंगे सब कांग्रेस की देन है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को रायबरेली के आटीआई मैदान में जनविश्वास यात्रा के समापन पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रायबरेली सहित पूरे देश से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

सीएम योगी ने कहा कि ऋषि-मुनियों व क्रांतिकारियों की भूमि जनपद रायबरेली में आज लगभग 834 करोड़ रुपए के 381 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास हुआ है। विकास की ये परियोजनाएं प्रत्येक जनपदवासी के चेहरे पर मुस्कान लाएंगी। उनका जीवन समृद्ध बनाएंगी। उन्होंने कहा कि जहां मां गंगा की पूजा होती हो वहां राम कृष्ण को नकारने वाले कैसे जीतते रहे यह समझ के परे हैं। देश की जनता यह बर्दाश्त नहीं कर सकती है। सबको याद है कि कैसे 2005 में रामसेतु को तोड़ने की साजिश रची गई थी और सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम के अस्तित्व को ही नकारने का प्रयास हुआ था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले और अब में फर्क साफ दिखाई पड़ रहा है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2017 में केवल 18 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए थे जबकि आज 45 लाख आवास बन चुके हैं। दो करोड़ से जयादा शौचालय बनाये गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह पैसा विकास में लग रहा है और पहले लोगों की तिजोरियों में जाता था, जिसे अब जेसीबी से निकाला जा रहा है। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इत्र की यह भ्रष्टाचार रूपी बदबू पूरे देश में फैल रही है। अब यह समझ में आ रहा है कि सपा नोटबन्दी का विरोध क्यों करती थी।

यह भी पढ़ें-BCCI अध्यक्ष गांगुली को अस्पताल से मिली छुट्टी, कोरोना संक्रमित होने के बाद हुए थे भर्ती

मुख्यमंत्री ने सपा, बसपा और कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार इन सबके जीन में है। पहले हर पर्व और त्योहारों पर दंगे होते थे, लेकिन 2017 के बाद दंगाई सात पीढ़ी तक दंगा करने की सोच भी नहीं सकते। अब प्रदेश विकास में नम्बर एक की ओर आगे बढ़ रहा है और किसान, युवा खुशहाल हैं। जबकि पहले बदहाल होकर आत्महत्या के लिए मजबूर होते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके पहले रायबरेली में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)