हिमाचल प्रदेश

सीएम सुक्खू बोले, लोकतंत्र को बचाने के लिए हम लड़ रहे चुनाव

himachal-pradesh

कुल्लू: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को आनी के दलाश और कुल्लू के शमशी में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार में भी फ्लॉप थे और अब इन चुनावों में भी फ्लॉप होंगे।

उन्होंने कहा है कि मंडी संसदीय क्षेत्र से विक्रमादित्य सिंह ही जीतेंगे और उनकी उम्मीदवार चुनाव हारने के बाद अपनी फिल्मी दुनिया में लौट आएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने शासन काल में प्रदेश को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के प्रत्येक नागरिक पर एक लाख रुपये से अधिक का कर्ज थोप दिया है।

भाजपा पर बोला हमला

कुल्लू जिले के आनी में विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया था। प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज और 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां उन्हें भाजपा से विरासत में मिलीं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सरकार ने 1 लाख 36 हजार कर्मचारियों को ओपीएस बहाल किया और महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी भी पूरी की।

यह भी पढ़ेंः-ब्रजेश पाठक ने कहा- राहुल गांधी के डीएनए में गड़बड़ी, अखिलेश पर भी साधा निशाना

सुक्खू ने भाजपा पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य कर्मचारियों के पेंशन अंशदान के 9,000 करोड़ रुपये केंद्र के पास फंसे हुए हैं और भाजपा इसे जारी करने से रोक रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के साथ ही पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई ओपीएस बंद कर दी गई। इससे साफ पता चलता है कि बीजेपी ओपीएस की विरोधी है।

बीजेपी प्रत्याशी अपनी हार देखकर टूट चके हैं- विक्रमादित्य

इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी अपनी सभाओं में बेबुनियाद बातें कर लोगों का मनोरंजन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें न तो प्रदेश के बारे में कोई जानकारी है और न ही मंडी संसदीय क्षेत्र के बारे में। उन्होंने कहा कि वह अपनी हार देखकर पूरी तरह टूट गये हैं। उन्होंने कहा कि वह गर्मी की छुट्टियों में 40 दिन के लिए मंडी आई हैं और 4 जून के बाद मुंबई लौटेंगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)