
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीस वर्ष पूर्व गोरखपुर को आतंक और अपराध का पर्याय समझा जाता था। पर विगत छह सालों में यह विकास की नई आभा के साथ आगे बढ़ा है। यहां के नागरिकों और नौजवानों को एक नई पहचान मिली है। गोरखपुर अब अपराध नहीं, आस्था और विकास का समन्वित केंद्र है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को तीन दिवसीय गोरखपुर महोत्सव 2023 के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सम व विपरीत परिस्थितियों में विगत छह सालों से गोरखपुर महोत्सव का आयोजन पूरी भव्यता से हो रहा है। गोरखपुर ने विकास की नई यात्रा प्रारंभ की है। इस जनपद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष अनुकम्पा भी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर विकास की नई यात्रा पर है तो इसमें उत्तर प्रदेश भी नई सोच के साथ आगे बढ़ा है। इस विकास यात्रा में गोरखपुर कैसे पीछे रह जाता। गोरखपुर भी नई पहचान के साथ इसमें सहभागी बना है। गोरखपुर महोत्सव नई पहचान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
गोरखपुर ने विकास की तड़प वाली हर योजना को छुआ -
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पहचान अच्छाई से होनी चाहिए। इसी के दृष्टिगत गोरखपुर ने विकास की हर उस योजना को छुआ है, जिसकी तड़पन थी। कभी खुद बीमार रहे बीआरडी मेडिकल कॉलेज की स्थिति तो ठीक हुई ही, यहां एम्स भी खुल गया। 1990 में बंद खाद कारखाने की जगह 2021 में नया कारखाना चालू हो गया। यह क्षमता से अधिक उत्पादन कर रहा है। रामगढ़ताल पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरा है। वायुसेवा बेहतरीन हुई है। गोरखपुर को चिड़ियाघर की सौगात मिल गई है।
शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, उद्योग का हब बन रहा गोरखपुर -
सीएम योगी ने कहा कि जिस जिले की पहचान अपराध से थी, वह गोरखपुर अब विकास और चार विश्वविद्यालयों की पहचान रखता है। गोरखपुर अब शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और उद्योग का हब बन रहा है। कोई भी गोरखपुर को विस्मृत नहीं कर सकता। फिल्म बनाने के लिए भी यह बड़े मंच के रूप में उभरा है। गोरखपुर में अनेक संभावनाएं आगे बढ़ी हैं।
कला का सम्मान व प्रोत्साहन होना चाहिए -
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कला का सम्मान व प्रोत्साहन होना चाहिए। यह गोरखपुर महोत्सव उसी का हिस्सा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में कला के क्षेत्र की कई विभूतियों के साथ बड़ी संख्या में नवोदित कलाकारों को मंच व सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से डिब्रूगढ़ तक सबसे बड़े क्रूज का शुभारंभ किया है। कल शाम काशी में प्रसिद्ध संगीतकार शंकर महादेवन व उनकी टीम ने भजन संध्या की प्रस्तुति दी। उसे खूब सराहा गया।
ये भी पढ़ें..झांसी के प्रवीन वर्मा ने किया कमाल, मशरूम उत्पादन के लिए जीता राष्ट्रीय कृषि उद्यमिता पुरस्कार
पूरी दुनिया भारतीय संगीत के पीछे भाग रही है -
सीएम योगी ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारतीय संगीत के पीछे भाग रही है। भारतीय संगीत में समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ अध्यात्म का वह पुट है जिसमें समाज व देश को जोड़ने की ताकत है।
मकर संक्रांति की दी शुभकामना -
गोरखपुर महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को आगामी मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 14-15 जनवरी से खिचड़ी मेला प्रारम्भ होगा। लाखों श्रद्धालु बाबा गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाएंगे। सीएम ने प्रतिकूल मौसम में भी सफल आयोजन के लिए गोरखपुर महोत्सव समिति से जुड़े लोगों को बधाई दी। कहा कि कंपकपी के बावजूद लोगों का उत्साह तनिक भी कम नहीं हुआ।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)