फीचर्ड महाराष्ट्र राजनीति

भाजपा नेता किरीट सोमैया और उनके बेटे नील के खिलाफ FIR दर्ज

kiritsomaiya-1

मुंबईः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. किरीट सोमैया (kirit somaiya) और उनके बेटे नील सोमैया के विरुद्ध पूर्व सैनिक अधिकारी बबन भोसले ने बुधवार देर रात मुंबई के ट्रांबे पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाया है। इस मामले की छानबीन ट्रांबे पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। बबन भोसले शिवसेना विधायक सुनील राऊत के साथ बुधवार शाम को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय दराड़े से मिले थे।

ये भी पढ़ें..भारत में XE वेरिएंट की दस्तक, मुंबई में मिला पहला केस, जानें कितना है घातक…

भोसले ने किरीट सोमैया (kirit somaiya) तथा उनके बेटे नील सोमैया पर सेव आईएनएस विक्रांत के नाम पर लोगों से पैसा वसूलने तथा उस पैसे का अपहार करने की जानकारी दी। इसके बाद देर रात यह मामला ट्रांबे पुलिस स्टेशन में किरीट सोमैया तथा उनके बेटे नील सोमैया के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि प्राथमिकी के अनुसार, एकत्र किए गए धन को सरकार के पास जमा नहीं किया गया था और कथित तौर पर लोगों को ठगा गया था।

बता दें कि बुधवार सुबह शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर किरीट सोमैया पर सेव आईएनएस विक्रांत के नाम पर लोगों से राजभवन में पैसा देने के नाम पर वसूली करने तथा यह पैसा राजभवन तक न पहुंचाने का आरोप लगाया था। राउत ने दावा किया कि इस अभियान में 57 करोड़ रुपये क्राउड फंडिंग से जुटाए गए। हालांकि किरीट सोमैया ने इस मामले में कहा था कि संजय राऊत के पास कोई सबूत नहीं है। किरीट सोमैया ने आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने संजय राउत को अपने आरोप के समर्थन में सबूत पेश करने के लिए कहा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)