लखनऊः उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद के जरिया थानाक्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को एक महिला और युवक का शव बरामद किया गया। एक साथ दो शवों के मिलने से क्षेत्र में कोहराम मच गया। दोनों ही शुक्रवार से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस को ऑनर किलिंग किये जाने का भी संदेह है।
मिली जानकारी के अनुसार जरिया थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाली 35 वर्षीय संतोषी और पड़ोस में ही रहने वाले 25 वर्षीय सत्यवेंद्र सिंह शुक्रवार शाम से ही लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शनिवार को संतोषी का शव गांव के ही संतराम के मकान में आंगन में पड़ा मिला और उसके गले में साड़ी का फंदा पड़ा था। वहीं सत्यवेंद्र का शव उसके पशुबाड़े में पड़ा मिला।
यह भी पढ़ेंःहोली पर स्वाद के मजे को दोगुना कर देगा पनीर चंगेजी
घटना की सूचना पर पुलिस समेत फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। ग्रामीणों ने बताया कि बीते दो वर्षों से उनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों का शव अलग-अलग जगहों पर मिलने से ऑनर किलिंग की भी संभावना जतायी जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक यादव ने बताया कि प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। इन दोनों की मौत कैसे हुई है, इसकी जांच की जा रही है।