विशेष

पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा

BJP state president Swatantra Dev Singh distributes eyeglasses to the beneficiaries

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी पंचायत चुनावों को लेकर अपनी जमीन मजबूत करने में लग गई है। पंचायत चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए आज राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में पंचायत चुनाव से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बसंल भी मौजूद रहे। राधामोहन सिंह ने पार्टी द्वारा पंचायत चुनाव को लेकर बनाई गई कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव से जुड़े सभी पार्टी पदाधिकारी योजनापूर्वक प्रवास कर स्थानीय स्तर पर राजनैतिक व सामाजिक स्थिति का आंकलन करें।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी के मोर्चों, प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी अपनी सक्रिय भागीदारी का निर्वहन करें। सिंह ने समाज के गणमान्यजनों व सभी जातिवर्ग के लोगों से संपर्क व संवाद पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान के कल्याण के लिए पिछले छह वर्षों में किये गए कार्यों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हितों को ध्यान में रखकर लागू की गई योजनाओं और कार्यकर्ताओंके परिश्रम से पार्टी पंचायत चुनाव में भी अभूतपूर्व सफलता हासिल करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ता पार्टी की योजनानुसार अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

यह भी पढें-मंत्रियों और विधायकों संग सिंघु बॉर्डर पहुंचे केजरीवाल, किया भारत बंद का समर्थन

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हर बूथ पर जीत का लक्ष्य लेकर केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां लेकर गांव-गांव घर-घर में दस्तक देकर पार्टी की विजय का मार्ग प्रशस्त करें। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पंचायत चुनाव को लेकर अबतक हुई तैयारियों पर चर्चा की। प्रदेश उपाध्यक्ष व पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर अब तक हुए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।