पटनाः बिहार और नेपाल के तराई इलाकों में हो रही बारिश के कारण राज्य की प्रमुख नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी (bihar flood) दर्ज की जा रही है। कई नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। बिहार जल संसाधन विभाग के अनुसार, गंगा नदी का जलस्तर गांधीघाट (पटना) में खतरे के निशान से 109 सेमी नीचे है, लेकिन रविवार को इसके जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है। सीवान जिले के दरौली में घाघरा नदी का जलस्तर भी रविवार को बढ़ने की संभावना है।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही कई नदियां
इधर, गोपालगंज जिले के डुमरियाघाट में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 24 सेमी ऊपर है, इसके जलस्तर में और वृद्धि की संभावना व्यक्त की गयी है। सीतामढी जिले के ढेंग में बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर है। बागमती नदी मुजफ्फरपुर जिले के रुन्नीसैदपुर और बेनीबाद में खतरे के निशान से ऊपर है।
कमला बलान नदी का जलस्तर मधुबनी जिले के जयनगर और झंझारपुर में लाल निशान को पार कर गया है। कोसी नदी सुपौल जिले के बसुआ में कोसी नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन इसके जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है। खगड़िया जिले के बलतारा में कोसी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 55 सेमी ऊपर है।
ये भी पढ़ें..बांग्लादेश में बाढ़ से मचा हाहाकार, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा तीस्ता नदी का जलस्तर

किशनगंज जिले के तैयबपुर में महानंदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 31 सेमी ऊपर है। शनिवार की सुबह छह बजे महानंदा नदी का जलस्तर कटिहार जिले के झावा में खतरे के निशान से 12 सेमी ऊपर था। इसके जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है। सुपौल के किशनपुर में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से तटबंध के अंदर के गांवों में बाढ़ (bihar flood) का पानी घुस गया है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। लोग ऊंचे स्थानों पर जा रहे हैं। समस्तीपुर के परिहार प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। गोपालगंज जिले के कई गांवों में बाढ़ की आशंका से लोग डरे हुए हैं।
IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार की सुबह तक कोसी, महानंदा नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गंडक, सोन पुनपुन, धाव, बागमती और अधवारा नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि उत्तरी कोयल और कनहर नदी के जलग्रहण क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)