
मुंबईः देश में इन दिनों कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर जमकर तबाही मचा रही है। इस बीच बॉलीवुड की कई हस्तियां इस महामारी से पीड़ित जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लगातार आगे आ रही हैं। सोनू सूद, सुनील शेट्टी, सलमान खान, भूमि पेडनेकर, अजय देवगन, अक्षय कुमार के बाद अब प्रियंका चोपड़ा ने भी देश के लोगों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। इसके साथ ही प्रियंका और भी लोगों से भारत की मदद की अपील कर रही हैं। हालांकि, प्रियंका इस वक्त भारत में नहीं है, लेकिन वह भारत को हर सम्भव मदद पहुंचाने की कोशिश में लगी हुईं हैं और अब उनकी इस मुहिम में उनका साथ देने के लिए उनके अभिनेता पति निक जोनस भी आगे आये हैं और वह सोशल मीडिया के जरिए भारत की मदद की अपील कर रहे हैं।
India needs our help. Please give what you can. ?? ?? #TogetherForIndia @priyankachopra @GiveIndia https://t.co/chEzEdNBNm
— NICK JONɅS (@nickjonas) April 29, 2021
प्रियंका ने अपने फाउंडेशन की ओर से कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए गिव इंडिया के नाम से एक ऑनलाइन फंड रेजिंग कैम्पेन शुरू किया है, जिसमें लोगों से आर्थिक मदद की अपील की गयी है। इसमें कहा गया है कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से देश का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर थक चुका है। इसे सुधारने की तत्काल जरूरत है। इसमें बताया गया है कि देश में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाने, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स, ऑक्सीजन सिलिंडर्स, वेंटीलेटर्स आदि का इंतजाम करने की जरूरत है। निक ने इस लिंक को शेयर करके लिखा-भारत को हमारी जरूरत है। जो भी सम्भव हो, कृपया दीजिए।
यह भी पढ़ेंःकोरोना से मशहूर कवि डाॅ. कुंवर बेचैन का निधन, साहित्य जगत...
गौरतलब है कि देश में इन दिनों कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे है। हॉस्पिटलों में बेड और ऑक्सीजन की कमी हो रही है। ऐसे में मनोरंजन जगत की तमाम हस्तियां इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे है और दिल खोल कर उनकी मदद भी कर रहे हैं। इसके साथ ही वे फैंस से अपील कर रहे हैं कि वह भी इस मुश्किल घड़ी में हर जरूरतमंद लोगों की यथासम्भव मदद करें।